Indian Railways: सवाईमाधोपुर में आठ घंटे काम करेंगे कैरिज कर्मचारी
Rail News: सवाईमाधोपुर में अब कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मचारी आठ घंटे काम करेंगे। कोटा मंडल रेल प्रशासन द्वारा इसके आदेश जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि अभी तक यहां इस विभाग के कर्मचारी 12-12 घंटे काम कर रहे थे। इससे चलते कर्मचारियों को अन्य घरेलू और सामाजिक कार्य के लिए समय नहीं मिल रहा था। साथ ही लगातार 12 घंटे काम करने से कर्मचारियों के स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा था। पहले की अपेक्षा अब ट्रेनों की संख्या बढऩे से भी कर्मचारियों पर काम का बोझ भी बढ़ गया था, इसके चलते रेल संरक्षा भी प्रभावित हो रही थी। इन कारणों से कर्मचारियों द्वारा पिछले करीब 10 सालों से यहां 8 घंटे ड्यूटि की मांग की जा रही थी। इस मांग पर कोटा रेल मंडल प्रशासन ने गत वर्ष सितंबर में कार्य विश्लेषण भी करवाया था। इसमें कर्मचारियों पर काम का दबाव सामने आया था। इसके बाद प्रशासन ने कर्मचारियों के पक्ष में आदेश जारी किए।
इससे सवाईमाधोपुर में दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों को लाभ होगा। रेलवे एम्पलाईज यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव ने बताया कि इसके लिए लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था।