Railway: बड़ोदा में भारी असर कोटा मंडल पर भी

Railway: बड़ोदा में भारी असर कोटा मंडल पर भी

आज हरिद्वार-बांद्रा एवं राजधानी और कल रद्द रहेगी डिलक्स
Rail News: कोटा। पिछले दो-तीन दिनों से पश्चिम रेलवे के बड़ोदा और रतलाम मंडल में हो रही तेज बारिश का असर कोटा मंडल पर भी जनर आ रहा है। कोटा आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। साथ ही कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। इसके अलावा दर्जनों ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। इसके चलते हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर ट्रेन नहीं आने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट भी रद्द करवाए हैं।
बारिश के कारण लगातार लेट चलने से रेक के अभाव में हरिद्वार-बांद्रा (22918) और नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी (12952) गुरुवार को रद्द रहेगी। इसी तरह अमृतसर-मुंबई डिलक्स पश्चिम एक्सप्रेस (12926) शुक्रवार नहीं चलेगी।
कोटा में रद्द रही पारसनाथ
बारिश के चलते भावनगर-आसनसोल पारसनाथ (12941) एक्सप्रेस अहमदाबाद से सवाईमाधोपुर तक रद्द रही। इसके चलते यह ट्रेन कोटा भी नहीं पहुंची। इस ट्रेन को पालनुपर, जयपुर-सवाईमाधोपुर होते हुए चलाया गया। इससे रास्ते के नडियाड से शामगढ़, भवानीमंडी, रामगंजमंडी और कोटा के सैंकड़ो यात्रियों को भारी परेशानी हुई। यात्रियों ने कहा कि इस ट्रेन को बड़ोदा में पटरी पर पानी भरा होने के कारण इस ट्रेन को आणंद और गोधरा होकर रलाया जा सकता था। लेकिन अधिकारियों की अदूरदर्शिता के चलते मार्ग बदलने से यह ट्रेन 11 घंटे लेट हो गई।
इसके अलावा रतलाम-कोटा मेमू ट्रेन (19103) भी बुधवार को रद्द रही।
अवध का पता नहीं, देहरादून 8 आठ घंटा लेट
इसी तरह बांद्रा-बरौनी अवध ट्रेन (19037) का रात 10 बजे तक भी कोटा पहुंचने का कोई पता नहीं था। इस ट्रेन को बड़ोदा से नागदा के बीच रद्द कर परिवर्तित मार्ग से चलाया गया था। लेकिन बाद में इस ट्रेन को वापस रतलाम के लिए चलाया गया। लेकिन इस ट्रेन के कोटा पहुंचने के समय की कोई जानकारी नहीं है। ऑन लाइन में भी ट्रेन को परिवर्तित मार्ग से चलना बताया जा रहा है, लेकिन समय की जानकारी यहां भी नहीं है।
इसके अलावा मुंबई-हरिद्वार देहरादून (19019) करीब आठ घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन के कोटा में अपने निर्धारित समय शाम 5.25 से रात 1.30 बजे कोटा पहुंचने की संभावना है। ट्रेन लेट होने से कई यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करवा लिए।
यह ट्रेनें भी रहीं लेट
इसी तरह मुंबई-अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल (12903) करीब चार घंटा देरी से सुबह 11 बजे कोटा पहुंचा। इसके अलावा बांद्रा-निजामुद्दीन गरीब रथ राजधानी (19909) पौने दो घंटा देरी से सुबह 6.30 बजे, मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट (12955) साढ़े तीन घंटे देरी से सुबह 11.25 बजे, मुंबई-दिल्ली तेजस राजधानी (12951) डेढ़ घंटा देरी से सुबह 4.40, मुंबई-दिल्ली अगस्त क्रांति राजधानी डेढ़ घंटा देरी से सुबह 5.40 तथा हापा-श्रीमातावैष्णों देवी कटरा (12475) निर्धारित समय रात 11.15 बजे से सात घंटा लेट सुबह 6.05 बजे कोटा पहुंची।
अप ट्रेनें भी हुईं लेट
इसके अलावा दिल्ली की ओर से आने वाली अप ट्रेनें भी देरी से चलीं। इनमें बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस सवा तीन घंटे देरी से दोपहर बाद 3.22 बजे कोटा पहुंची। इसके अलावा हरिद्वार-बांद्रा देहरादून (19020) नागदा के सूरत तक रद्द रही। साथ ही श्रीमातावैष्णो देवी कटरा-मुंबई (12472) रतलाम से सूरत तक रद्द रही। इन ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया।
इसके अलावा जयपुर-बांद्रा सुपरफास्ट (12956) तीन घंटे देरी से रात 8.15 बजे कोटा पहुंची।
यात्री हुए परेशान
ट्रेनें लेट चलने से यात्री परेशान होते रहे। यात्रियों ने बताया कि बार-बार पूछने के बाद भी रेलवे द्वारा ट्रेनें लेट होने और चलने के सही समय के बारे में जानकारी नहीं दी जा रही थी। कई ट्रेनों की ऑन लाइन नेशनल ट्रेन इंक्यारी सिस्टम पर भी जानकारी नहीं मिल रही थी। इसके चलते यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। यात्री घंटों तक ट्रेनों और इंतजार करते प्लेटफार्म पर परेशान होते रहे।