कोटा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुरुवार को कोटा स्टेशन के आउटर सिग्नल पर खड़ी देहरादून एक्सप्रेस में अवैध रूप से खाना चढ़ा रहे वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 'कोटा रेल न्यूज़' द्वारा इस पूरे खेल का वीडियो सहित खुलासा किए जाने के बाद आरपीएफ प्रशासन हरकत में आया और घेराबंदी कर कई वेंडरों को दबोच लिया।
पूरा मामला ट्रेनों के समय और प्लेटफॉर्म की उपलब्धता से जुड़ा है।
शेड्यूल का गणित: कोटा प्लेटफॉर्म नंबर-1 से श्रीगंगानगर ट्रेन शाम 5:40 बजे रवाना होती है, जबकि मुंबई-हरिद्वार देहरादून एक्सप्रेस के पहुंचने का समय 5:45 बजे है।
आउटर पर मजबूरी: न्यू कोटा से कोटा के बीच देहरादून एक्सप्रेस को 25 मिनट का समय दिया गया है। अक्सर यह ट्रेन समय से पहले पहुंच जाती है, लेकिन प्लेटफॉर्म खाली न होने के कारण इसे आउटर सिग्नल पर ही रुकना पड़ता है। इसी 'वेटिंग टाइम' का फायदा उठाकर अवैध वेंडर वहां पहुंच जाते हैं।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए वेंडरों में अधिकांश स्टेशन क्षेत्र के होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों के कर्मचारी हैं। ये वेंडर ऑनलाइन एप्स के जरिए ट्रेन की लोकेशन ट्रैक करते रहते हैं। जैसे ही ट्रेन डकनिया स्टेशन से निकलती है, ये खाना लेकर आउटर पर मुस्तैद हो जाते हैं। स्टेशन परिसर में भी इन्हें गुटखे के थैलों में खाने की प्लेटें छुपाकर ले जाते और ट्रेनों में चढ़ाते हुए आसानी से देखा जा सकता है।
मामला सार्वजनिक होने के बाद आरपीएफ को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली पर अभी भी सवाल उठ रहे हैं। बार-बार पूछे जाने के बावजूद आरपीएफ अधिकारियों ने पकड़े गए वेंडरों की सही संख्या, उनके नाम या संबंधित होटलों के पतों की जानकारी साझा नहीं की। इसे लेकर रेल प्रेमियों में चर्चा है कि क्या बड़े होटल संचालकों को बचाने की कोशिश की जा रही है?
खबर का प्रभाव: गुरुवार सुबह एक वीडियो साझा किया था जिसमें अवैध वेंडर बेखौफ होकर ट्रेन में खाना चढ़ाते दिख रहे थे। इस डिजिटल साक्ष्य के बाद अधिकारियों को फील्ड में उतरना पड़ा।
#RailwayCrime #RPFKota #IllegalVending #DehradunExpress #KotaRailwayStation #RailwayFoodSafety #KotaRailNews #WCRUpdate
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.